शनिवार, 21 मई 2016

किसान विरोधी हैं केंद्र व प्रदेश की सरकारें

सिकरारा (जौनपुर): उत्तर प्रदेश किसान सभा द्वारा गाजीपुर से शुरू हुई 40 दिवसीय किसान जन जागरण यात्रा रविवार को जिले में पहुंची तो जगह-जगह लोगों ने जोरदार स्वागत किया।
गुदरीगंज में आयोजित किसान सभा में गाजीपुर के पूर्व सांसद व किसान नेता विश्वनाथ शास्त्री ने कहा कि केंद्र में भाजपा की अगुआई वाली सरकार और प्रदेश की सपा दोनों सरकारें किसान विरोधी हैं। पिछले वर्ष बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि का मुआवजा आधे से अधिक किसानों को नहीं मिला। फसल तबाह होने से दो दर्जन से अधिक किसानों ने दम तोड़ दिया। हजारों कर्ज तले दबे हैं, लेकिन समस्त प्रभावित किसानों को सरकार अब तक मुआवजा नहीं दे पाई है।
किसान सभा की प्रदेश उपाध्यक्ष अर्चना उपाध्याय ने कहा कि नहरों में टेल तक पानी नहीं पहुंच पाता। इस साल दैवीय आपदा के कारण किसानों की फसल बीमा व फसल मुआवजा तो केंद्र और राज्य सरकार द्वारा घोषित धनराशि का लाभ प्रदेश के 70 फीसद किसानों को प्राप्त नहीं हो सका है। गाजीपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र यादव व जयराम ¨सह ने कहा कि सूखे और मौसम की मार झेल रहे पूरे देश के किसानों का हाल किसी से छिपा नहीं है।
किसान सभा के आजमगढ़ के जिलाध्यक्ष रामाज्ञा चौधरी ने कहा कि किसान और किसानों की बात करने वाली मोदी सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। अभी तक 70 फीसद किसानों को उत्तर प्रदेश में कोई मुआवजा नहीं मिला। किसान आत्महत्या करने पर विवश हो रहा है। संचालन कर रहे उदल यादव ने कहा कि जो भी सरकार केंद्र या राज्य में बनती है वह किसान हितैषी बताती हैं अपने आपको को और होता उसका उल्टा है। अध्यक्षता किसान राजाराम यादव व आभार सुभाष गौतम ने ज्ञापित किया।
----दैनिक जागरण

कोई टिप्पणी नहीं: