शुक्रवार, 31 मार्च 2023
राहुल गांधी आज के राष्ट्रपुत्र
राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द होने के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने प्रेस कॉन्प्रेंस आयोजित की। राज्य के सभी जिलों में मंत्री और विधायकों ने मीडिया को संबोधित किया। राजधानी रायपुर के राजीव भवन में कांग्रेस के सीनियर लीडर सत्यनारायण शर्मा ने मीडिया को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी उस जमाने के राष्ट्रपिता थे और राहुल गांधी इस जमाने के राष्ट्रपुत्र हैं। उन्होंने केन्द्र सरकार पर भी जमकर निशाना साधा।
सत्यनारायण शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी चार बार सांसद रहे। वो लोकसभा में जनता की आवाज उठा रहे थे लेकिन उन्हें बोलने नहीं दिया जाता था। उन्होंने कहा कि जिस तरह से बीजेपी ने षड्यंत्र किया वह किसी भी पार्टी ने नहीं किया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को बोलने नहीं दिया गया उनके माइक को बंद कर दिया। राहुल गांधी के बयान को सदन की कार्रवाई से हटा दिया गया। यह लोकतंत्र की हत्या की षड्यंत्र है।
राहुल गांधी आज के राष्ट्रपुत्र
इंदिरा गांधी को बताया राष्ट्र माता
पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सत्यनारायण शर्मा ने राहुल गांधी को राष्ट्रपुत्र का दर्जा दिया। शर्मा ने कहा कि महात्मा गांधी ने अंग्रेजों को हिला दिया, अब राहुल गांधी बीजेपी को हिलाकर रख देंगे। महात्मा गांधी राष्ट्रपिता थे, राहुल गांधी राष्ट्रपुत्र हैं। राहुल गांधी लोगों के आजादी की रक्षा करने वाले नेता हैं। राहुल गांधी ने अडाणी को लेकर सवाल पूछा था। उनके सवाल का जवाब नहीं दिया जा रहा बल्कि लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। उन्होंने इंदिरा गांधी को राष्ट्रमाता की श्रेणी का बताया।
सत्यनारायण शर्मा ने कहा है कि राहुल गांधी ने किसी जाति के नाम पर कोई बात नहीं की। देश की अखंडता की रक्षा करने वाले नौजवान की सदस्यता रद्द कर दी। जब सभी खुलासे होंगे तो कई बड़े-बड़े लोग जेल के सलाखों के पीछे नजर आएंगे। इस मामले को लेकर कांग्रेस जनता के बीच में जाएगी और कांग्रेस की जीत होगी। उन्होंने कहा कि अगर कोई गलत काम नहीं किया तो खुलकर सवालों का जवाब दो। उन्होंने कहा कि अगर सवालों का जवाब नहीं मिलता है तो साफ है कि दामन में दाग है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा, अमन और मोहब्बत की यात्रा थी।
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें